सोनभद्र। जिले में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली है। शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। एक जुलाई की सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा जो शाम पांच बजे तक चलेगा। ब्लॉक स्तर पर बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम रखी जाएंगी। तीन जुलाई की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी जो कार्य समाप्ति तक चलेगी।
बताते चले कि जिले में 637 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से चतरा ब्लॉक में 60 ग्राम पंचायत, नगवां में 52, राबर्ट्सगंज 140, घोरावल में 144, चोपन में 61, म्योरपुर में 80, दुद्धी में 60 और बभनी में 40 ग्राम सभाएं हैं। इन ग्राम पंचायतों में 7881 ग्राम पंचायत सदस्य पद हैं। वर्तमान में दो प्रधान, एक बीडीसी और 24 ग्राम पंचायत सदस्य पद खाली है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले के रिक्त दो प्रधान, एक बीडीसी और 14 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव की घोषणा की है। सहायक निर्वाचन अधिकारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि कन्हौरा प्रधान पद के लिए हेमलता और बारी महेवा में बीडीसी के लिए सावित्री एवं 12 सभासदों का निर्विरोध चुना जाना तय है। बताया कि घोरावल के सोतिल में प्रधान पद का चुनाव होगा। यहां पांच प्रत्याशियों ने नामाकंन किया है। इसके अलावा 13 सभासद पद के लिए चुनाव होना था। जिसमें घोरावल ब्लॉक के ओबराडीह के सभासद प्रत्याशी का जाति प्रमाण पत्र न होने की वजह से पर्चा खारिज कर दिया गया है। इसलिए यहां चुनाव नहीं होगा।
सोनभद्र। जिन गांवों में प्रधान और उपचुनाव हो रहा है, उस क्षेत्र के थाना प्रभारी मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे। इसके लिए पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने थाना प्रभारियों को निर्देशित कर दिया है। एसपी ने बताया कि मतदान के दौरान क्षेत्राधिकारी भ्रमणशील रहेंगे। मतदान केंद्रों पर पीएसी भी तैनात रहेंगी।