दुद्धी (सोनभद्र)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़े उद्यमियों के लिए बीआरसी खजुरी के प्रशिक्षण हाल में आयोजित तीन दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। स्टार्टअप ग्रामीण उद्यमिता कार्यक्रम के परियोजना प्रबंधक प्रत्यूष त्रिपाठी और एकाउंटेंट आकाश यादव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों से सवाल पूछकर उनके अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उद्यमी इंद्रावती ने कहा कि स्टार्टअप ग्रामीण उद्यमिता कार्यक्रम स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला उद्यमियों के लिए वरदान है। महिलाएं एक प्रतिशत मासिक ब्याज दर पर उद्यमी निधि के रूप में ऋण प्राप्त कर उद्यम कर पाती है। रामपति, प्रमिला, सोनी सिंह आदि ने भी उद्यमियों का हौसला बढ़ाया। प्रशिक्षक शशिकांत, अनूप, जितेंद्र, रामकिशुन, सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुलेमान, नंदलाल आदि ने प्रतिभागी महिलाओं के जिज्ञासा का समाधान किया और उन्हें लघु उद्यमी से बड़ा उद्यमी बनने के तरीके बताए। प्रत्यूष त्रिपाठी ने बताया कि समूह से जुड़े जितने भी उद्यमी ब्लॉक में संचालित स्टार्टअप ग्रामीण उद्यमिता कार्यक्रम के तहत उद्यमी निधि प्राप्त कर उद्यम स्थापित किए हैं, उन सभी का उद्योग आधार बनाया गया है ताकि उनके उद्यम को ऑनलाइन देखा जा सके और सुधार के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिया जा सके।