सोनभद्र। यूपी बोर्ड की सात फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए 22 सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक मजिस्ट्रेट को दूरी के हिसाब से केंद्रों का आवंटन किया गया है। परीक्षा के दौरान सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र के केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लेते रहेंगे। परीक्षा में हाईस्कूल और इंटर के 47879 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बतादेें कि वर्ष 2019 में यूपी बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल के 29288 परीक्षार्थी शमिल होंगे। इसमें 14254 छात्र और 15034 छात्राएं है। इंटरमीडिएट में 18591 छात्र-छात्राएं है, इसमें 8105 बालक एवं 10486 बालिकाएं है। प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को आदेश दिया है कि हरहाल में शांतिपूर्ण ढंग से नकलविहीन परीक्षा कराया जाए। परीक्षा के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए। उधर परीक्षा की तिथि नजदीक आता देख प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है।
डीएम अमित कुमार सिंह ने तीनों तहसील क्षेत्रों में जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात कर दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक फूलचंद्र यादव ने कहा कि शासन के मंशानुसार परीक्षा कराने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। राबर्ट्सगंज एसडीएम शादाबा असलम, घोरावल एसडीएम मणिकंडन ए और दुद्धी उपजिलाधिकारी रामचंद्र यादव को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी मिली है। इनके अलावा तीनों तहसील क्षेत्र में 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। कहा कि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पूर्व एवं समाप्त होने के एक घंटे बाद तक सभी केंद्रों पर वीडियो रिकाडिंग होगी। जिन कमरों में परीक्षा होगी उनमें वायस रिकार्डिंग भी शुरू रहेगी।