दुद्धी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पानी टंकी के नीचे लाखों रुपये लागत से बने सामुदायिक शौचालय पर कई वर्षों से ताला लटका हुआ है। देखभाल व प्रयोग न कि ए जाने से भवन जर्जर होने लगा है। सामुदायिक शौचालय करीब 10 लाख रुपये से इस उद्देश्य बनाया गया था कि नगर में आने-जाने वाले यात्रियों व अस्पताल पर आने वाले मरीजों के परिजनों को परेशानी न हो। लेकिन यह उद्देश्य अब तक पूरा नही हो सका। यह शौचालय पूर्ण है। पानी का टैंक भी लग चुका है। लेकिन इसका शुभारंभ क्यों नही हो सका यह बताने वाला कोई नहीं है।
नगर के अमरनाथ जायसवाल ने इस मुद्दे को कई बार से शांति समिति के बैठक में उठाया लेकिन प्रशासनिक अधिकारी उसे अमल में न ला सके। अभी तक शौचलय पर ताला लटक रहा है। अमरनाथ जायसवाल ने कहा कि शौचालय जो वर्षों पहले बन चुका है उसे नगर पंचायत अभी तक चालू नहीं करा सका। ऊपर से चार शौचालय और नगर में बनाए जा रहे हैं। नगरवासी जितेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि धन के बंदरबाट के लिए नए शौचालय का निर्माण तो करा दिया जा रहा है, लेकिन उसके उद्देश्य को पूरा नहीं किया जा रहा। ईओ भारत सिंह ने कहा कि अस्पताल के पास बना शौचालय डूडा विभाग से बनवाया गया है। शौचालय को नगर पंचायत को हैंडओवर नहीं किया गया है, जिससे वह शौचालय प्रयोग में शुरू नहीं हो पाया है।