म्योरपुर। थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रनटोला में स्थित रेलवे क्रॉसिंग का गेट बृहस्पतिवार की रात ट्रेलर के धक्के से टूट गया। इससे रेल यातायात बाधित होने के साथ ही राजमार्ग भी अवरुद्ध रहा। रात करीब एक बजे से दो बजे तक आवागमन बाधित रहा। रात में काफी मशक्कत के बाद गेट के मलबे को हटाकर यातायात बहाल किया गया।
पूर्व मध्य रेलवे के म्योरपुर रोड रेलवे स्टेशन के अंतर्गत आने वाला रेलवे गेट ट्रेलर के धक्के से टूट गया। इस दौरान ट्रेलर को रेल कर्मचारियों ने रोक लिया। गेट का मलवा बुरी तरह से ट्रैक पर बिखर गया। इसकी वजह से घंटे भर तक रेलवे व मुर्धवा-बीजपुर मार्ग अवरुद्ध रहा। काफी मशक्कत के बाद रेल कर्मचारियों ने गेट के मलबे को हटाकर यातायात बहाल किया। रेल कर्मचारियों की सूचना पर रेलवे पुलिस बल भी शुक्रवार की सुबह आकर ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया। गेट की मरम्मत के लिए सिग्नल डिपार्टमेंट ने युद्ध स्तर पर सुबह काम शुरू कर दिया था। सिग्नल विभाग के एसआई असीम आनंद, जयनाथ यादव व मनोज समेत तमाम कर्मचारी मरम्मत कार्य में लगे रहे। गेट के मरम्मत का काम शुक्रवार शाम तक चलता रहा। स्टेशन मास्टर मदनलाल रविदास ने बताया कि ट्रेलर के धक्के से टूटे गेट की मरम्मत की जा रही है। उन्होंने कहा कि रात एक बजे गेट के क्षतिग्रस्त होने से यातायात अवरुद्ध रहा।