सोनभद्र। एंटी भू- माफिया सबंधी बैठक बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम अमित कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि सरकारी, निजी, ग्रामसभा, गरीबों के जमीन को हड़पने वाले भू-माफियाओं को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। कोई गरीब व्यक्ति, असहाय व्यक्तियों को बेवजह परेशान न किया जाय।
भू-माफियाओं को चिन्हित करते समय पूरी तरीके से क्रास चेकिंग कर लें, ताकि कोई निर्दोष व्यक्ति इस कार्रवाई का शिकार न हो। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में भू-माफियाओं को चिह्नित कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। कहा कि कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग से भी समन्वय स्थापित किया जाए। डीएम ने कहा कि ठंड को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की जाए और कंबल वितरण किया जाए। एसडीएम क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण भी करें और स्वेटर, एमडीएम आदि की निगरानी पर विशेष ध्यान दें। बैठक में एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, एएसपी अवधेश सिंह, प्रशिक्षु आईएएस, एसडीएम घोरावल मणिकनंदन, एसडीएम सदर शादाब असलम, डिप्टी कलेक्टर भानुप्रताप सिंह, राज कुमार सीओ सुनील कुमार विश्नोई, तहसीलदार दुद्धी शशिभूषण मिश्र समेत अन्य मौजूद रहें।