रामगढ़(सोनभद्र)। चतरा ब्लॉक के रामगढ़ कस्बे में स्थित शिव मंदिर पर भिक्षुक भिखारी भोले सेवा ट्रस्ट की ओर से असहाय, दिव्यांग, निराश्रितों में शुक्रवार को कंबल वितरित किया गया। डीएम अमित कुमार सिंह ने तीन हजार लोगों को कंबल, दो हजार टिफिन, पांच सौ साड़ी और सौ धोती का वितरण किया।
शिव मंदिर पर शुक्रवार को ढोसरा, केवटम, पनौरा, सोमा, कजियारी, सूअरसोत, महुली, खोड़ैला, पनिकप कलां, सिलहट, कूदर समेत आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए। यहां गरीबों को कंबल आदि वितरण के साथ ही भंडारे में प्रसाद भी वितरित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि गरीबों की सेवा से बढ़कर कोई दूसरा परोपकार नहीं है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से चल रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि जो लोग सरकारी योजनाओं के पात्र हैं, उन्हें हरहाल में सुविधाएं दी जाएंगी। कहा कि अपात्रों को सरकारी सुविधा का लाभ मिला तो इसके लिए संबंधित विभागों के लोग जिम्मेदार होंगे। मामला पकड़े जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। डीएम ने कंबल वितरण की शुरुआत की। उन्होंने गरीबों को खुद कंबल आदि बांटे। इसके बाद एसडीएम सदर शादाब असलम और सीओ सदर ज्ञान प्रकाश राय ने दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों को 3000 कंबल, 2000 टिफिन, 500 साड़ी और 100 धोती का वितरित किया। इस मौके पर रेणुकूट राधाकृष्ण मंदिर के इं. रामसमुज सिंह, संदीप सिंह चंदेल, राममूरत गुप्ता, सिंघानिया पूर्व, मुद्रिका जायसवाल, भरत कुशवाहा, संतोष सिंह के साथ ही भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवानों मौजूद थे। यातायात पुलिय के कर्मी भी आवागमन की व्यवस्था को दुरूस्त करने में लगे हुए थे।