ओबरा। राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा में छात्रसंघ चुनाव की घोषणा होते ही सरगर्मी तेज हो गई है। इसे लेकर विद्यार्थियों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव को लेकर कॉलेज के छात्र- छात्राओं ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दी है।
15 नवंबर गुरुवार को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रचार तेज हो गया है। सभी प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान के लिए विनती कर रहे हैं। परिसर के अंदर और बाहर प्रचार अभियान तेज हो गया है। पूरे जिले में फैले छात्रों के घरों तक प्रत्याशी पहुंच रहे हैं। कालेज में ज्यादातर छात्रों के न आने की वजह से प्रत्याशियों को काफी खर्च कर तमाम क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है। मंगलवार को ओबरा के अलावा डाला, चोपन, रेणुकूट, कोन, राबर्ट्सगंज, रामगढ़, खलियारी, वैनी, घोरावल व मधुपुर तक प्रत्याशियों ने प्रचार किया। लिंगदोह कमेटी के सुझाव के विपरीत प्रत्याशी जमकर प्रचार सामग्री का प्रयोग कर रहे हैं। कालेज के आसपास पूरे क्षेत्र को बैनर और पोस्टरों से पाट दिया गया है। ओबरा पीजी कालेज में सात पदों के लिए 21 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान 15 नवंबर को होना है। उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र वापस लेकर इस पद पर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है।