म्योरपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एलटी(लैब टेकिभनशियन) के दुर्व्यवहार से क्षुब्ध होकर बृहस्पतिवार को एक महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान उसने डायल सौ नंबर पर फोन करके पुलिस को भी बुला लिया। महिला का आरोप था कि उसकी पुत्री को एलटी ने अकारण ही बुरी तरह मारा और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुत्री साधना (8) के इलाज के लिए पहुंची खाड़पाथर निवासी पुष्पा देवी पत्नी राजकुमार ने स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एलटी पर आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। महिला का आरोप था कि एलटी ने उसकी पुत्री को मारा गया था। इससे पूर्व उसने आरोप लगाया कि एलटी द्वारा खून जांच के नाम पर लोगों से 20 रुपये लेकर जांच की जा रही है। उसने यह भी कहा कि एलटी का व्यवहार लोगों के साथ ठीक नहीं है। हंगामा करने वाली महिला बिना जांच कराए ही वहां से चली गई। महिला के हंगामा खड़ा करने के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद तमाम लोगों ने कहा कि एलटी द्वारा खून जांच के नाम पर पैसा मांगा जाता है। उधर, महिला पुष्पा देवी ने फोन करके डायल सौ को भी म्योरपुर सीएचसी बुला लिया। डायल 100 ने किसी तरह मामला शांत करवाया। महिला के हंगामे के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में अफरातफरी मच गई।
एलटी के पास भीड़ ज्यादा थी। सभी को रिपोर्ट की जल्दी में थी। उन्होंने कहा कि इस महिला ने हंगामा किया, उसकी बच्ची काफी डरी हुई थी। इस वजह से एलटी ने खून निकालने के लिए महिला की पुत्री के साथ थोड़ा सख्ती की जिसका वह बुरा मान गई। थाना पुलिस को कहना है कि फोन करने वाली महिला मौके से चली गई इसलिए कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। - डॉ. फिरोज आवेदिन, प्रभारी चिकित्सक, म्योरपुर सीएचसी