शक्तिनगर। इंडियन आयल कारपोरेशन (आईओसी) के जंयत स्थित तेल डिपो से दो माह पूर्व 20 हजार लीटर डीजल लेकर गायब टैंकर रविवार को जयंत पहुंच गया। जयंत डिपो से लाखों का डीजल लेकर टैंकर संख्या एमपी 66 एच 0152 15 अप्रैल को जेपी के मझौली स्थित कोयला प्रोजेक्ट के लिए निकला था। टैंकर गंतव्य तक नहीं पहुंचा। अभिलेखों के मिलान के बाद मामला उजागर हुआ तो आईओसी व कोल प्रोजेक्ट के अफसरों में खलबली मच गई। गायब टैंकर की कई स्तरों पर तलाश शुरू हुई तो शुक्रवार को टैंकर जेपी मिनरल्स के मझौली पहुंच गया लेकिन कोल प्रोजेक्ट के अफसरों ने बिना कारण करीब सवा दो माह से गायब टैंकर को स्वीकार करने से इंकार कर दिया। इसके चलते यह भी साफ नहीं हो पाया कि टैंकर में डीजल कितना है और उसकी गुणवत्ता क्या है। तेल डिपो से जुड़े सूत्रों ने रविवार को टैंकर के जयंत पहुंचने की पुष्टि किया और बताया कि टैंकर फिलहाल तेल डिपो के बाहर खड़ा है और इस पूरे मामले में आईओसी के अधिकारी उच्चाधिकारियों से चर्चा उपरांत आगे की कार्रवाई की रणनीति तैयार कर रहे है।
पुलिस चौकी लाया फिर छोड़ दिया
जयंत। डीजल भरे टैंकर के गायब होने का मामला सार्वजनिक होने के बाद घटनाक्रम पर पुलिस की भी नजर हैं। रविवार टैंकर के डिपो पहुंचने की जानकारी के बाद जयंत चौकी पुलिस ने टैंकर को डिपो से चौकी लाया मगर कुछ घंटे बाद छोड़ दिया।