सिंगरौली। नार्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के जयंत क्षेत्र के विजय स्टेडियम में आयोजित एनसीएल अंडर-18 समर खेल कैंप का सोमवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हो गया। इसमें 1265 ग्रामीण खिलाड़ियों ने सात खेलों में प्रतिभाग किया। समग्र खेल प्रशिक्षण गतिविधियों में निगाही अव्वल रहा।
अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पीके सिन्हा ने कहा है कि एनसीएल परिवार के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कंपनी हर सुविधा देने के लिए कटिबद्ध है। एनसीएल परिवार के लिए गर्व की बात है कि कंपनी ने अपने कर्मचारियों एवं स्थानीय बच्चों के लिए खेल प्रशिक्षण के इतने बड़े कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया। स्थानीय स्कूली बच्चों एवं युवाओं की खेल प्रतिभाओं को तराशे जाने के मकसद से आयोजित किए जाने वाला यह अंडर-18 नि:शुल्क स्पोर्ट्स कैंप इस वर्ष कई मायनों में खास रहा। प्रतिभागी बच्चों ने बैंडमिंटन, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, कबड्डी तथा वालीबाल के साथ-साथ बेहद लोकप्रिय खेल क्रिकेट एवं फुटबॉल का प्रशिक्षण लिया। इन खिलाड़ियों को अगले एक साल के दौरान विशेष प्रशिक्षण दिलाकर उन्हें बड़ी और प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने में सहयोग दिया जाएगा। समापन समारोह में कबड्डी, फुटबॉल, क्रिकेट और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के सामने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों को पुरस्कृत किया गया। निगाही क्षेत्र ने उत्कृष्ट खेल गतिविधियों में प्रथम, जयंत एवं ककरी क्षेत्र क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहा। इस मौके पर निदेशक गुणाधर पाण्डेय, वरिष्ठ श्रमिक संघ प्रतिनिधि अशोक दूबे, अरुण कुमार दूबे, सीएमओएआई के सचिव सर्वेश सिंह, अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर नुजहत परवीन उपस्थित थीं। कार्मिक प्रमुख चार्ल्स जुस्टर ने उदघाटन समारोह में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत तथा एसएस हसन ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।