रेणुकूट। महिलाओं में मोटापा, कमर दर्द थाइराइड सहित अन्य बीमारियों की जांच के लिए हिंडाल्को में शुक्रवार से 15 दिवसीय कैंप का शुभारंभ हुआ। पहले दिन 60 महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया।
हिण्डाल्को प्राकृतिक चिकित्सालय व योग केंद्र के योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक मनोज प्रसाद ने बताया कि 15 जून से लेकर 29 जून तक शिविर चलेगा। इसमें महिलाओं के मासिक धर्म, यूटरस में सिस्ट, मेनोपॉज, कमर दर्द, थाइराइड व मोटापा जैसी बीमारियों को ठीक किया जाएगा। बताया कि शिविर में प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से समस्याओं को दूर करने के साथ ही उपचार की विधि की भी बताई जाएगी। योगाभ्यास से महिलाओं की प्रमुख समस्या मोटापा को कम करने का प्रशिक्षण देंगे। सत्र का शुभारंभ राजेश हिण्डेलिया, केबीएल श्रीवास्तव ने किया।