वैनी(सोनभद्र)। रायपुर थाना क्षेत्र के चौखड़ा गांव के पास रविवार की सुबह एक कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई है। इससे उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से उन्हें वाराणसी के लिए रिफर कर दिया गया।
रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी गांव से शनिवार की रात बारात वाराणसी गई थी। वहां से रविवार की सुबह एक वैगनार कार से कुछ बाराती घर वापस लौट रहे थे। कार चौखड़ा गांव में पास पहुंचकर अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में कार सवार वासुदेव (8), निष्ठा पांडेय (14), रिंशी (14), मोनाली (16), रूबी (16) व अशोक कुमार पांडेय (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। क्षेत्रीय लोगों की मदद से घायलों को वैनी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से भी उन्हें वाराणसी रिफर कर दिया गया। उधर डाला से एक बाइक पर तीन लोग सवार होकर नौगढ़ की ओर जा रहे थे। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बभनौली गांव में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बाइक को ट्रक से धक्का लग गया। बाइक सवार तीनों बगैर हेलमेट के थे। हादसे में गणेश (23) पुत्र दाढ़ी निवासी कोटीघाट नौगढ़ चंदौली, पुष्पा (25) शेरवाटोला, गढ़वा झारखंड, सीमा (22) पुत्री मुन्ना गोड़ निवासी चोपन घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।