शक्तिनगर। इलाके में स्थित पावर प्लांट में विद्युत संधारण पैनल (ईएसपी) के नवीनीकरण व आधुनिकीकरण का कार्य सोमवार को मजदूरों ने ठप कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कामगारों का कहना था कि वेतन के लिए जिम्मेदारों ने पांच बार आश्वासन दिया लेकिन एक रुपया भी नहीं दिया। बताते चले कि राष्ट्रीय ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश पर पावर प्लांट में ईएसपी का नवीनीकरण व आधुनिकीकरण का कार्य भारत हैवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (बीएचईएल) के द्वारा एनटीपीसी से हुए एक अनुबंध के तहत कराया जा रहा है। सोमवार को यूनिट एक व दो का काम ठप करने के बाद प्लांट के मेन गेट (कोटा) पर सौ से अधिक कामगारों के एकत्रित होने की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। कामगारों का कहना था कि उनको चार माह से अधिक समय से वेतन नहीं मिला है। आंदोलन की राह पकड़ने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने 12 जनवरी, 22 जनवरी, 29 जनवरी व 12 फरवरी को वेतन देने की बात कहीं लेकिन फिर भी बात नहीं बनी। अंतिम आश्वासन 25 फरवरी का दिया गया था लेकिन रविवार को भी पारिश्रमिक भुगतान नहीं हुआ तो धैर्य जबाब दे गया। इसी के बाद सोमवार को काम बंद कर प्रदर्शन का निर्णय लिया गया। मजदूरों का कहना था कई माह से पारिश्रमिक नहीं मिलने से वह भुखमरी के कगार पर है। ऐसे में होली का पर्व उनके लिए और बड़ी मुसीबत बन गई है। धरना प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार, अक्षय, वसीम खान, साबिर, अनल गुप्ता सहित काफी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।