सोनभद्र। जिला अभिहित अधिकारी मानिक चंद्र सिंह ने टीम के साथ सोमवार को राबर्ट्सगंज में स्थित बसंत बहार मिष्ठान की दुकान के गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने खोवा, पनीर, काजू की मिठाई का सैंपल लिया। शुभ श्री पैलेस मेें छापेमारी कर जांच अधिकारियों ने सब्जी मशाला को नष्ट करा दिया। दोपहर करीब दो बजे जिला अभिहित अधिकारी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयंक शंकर दूबे, संजय सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र उपाध्याय, प्रमोद कुमार सोनकर ने मिष्ठान के गोदाम पर छापेमारी की। जिला अभिहित अधिकारी मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि बसंत बहार मिष्ठान के गोदाम में साफ-सफाई नहीं थी। वहां कार्य करने वाले कर्मचारियों का मेडिकल सर्टिफिकेट नही था। उन्होंने बताया कि खोवा, पनीर, काजू की मिठाई बनाने के लिए मिश्रण कर रखे गए मिष्ठान का सैंपल लिया गया है। जांच के लिए सैंपल को विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। शुभ श्री पैलेस में छापेमारी के दौरान भोजन में प्रयुक्त करने के लिए रखे गए मशाला को फेंकवा दिया गया। कहा कि मिष्ठान व होटल संचालक को नोटिस जारी की जाएगी। सैंपल का जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई होगी।