सोनभद्र (घोरावल)। कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव में बेलन नदी में रविवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। देखने से लाश कई दिन पुरानी लग रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई, इसकी वजह से पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे तक शव को मर्चरी में रखा जाएगा। ग्रामीणों ने रविवार को सुबह करीब छह बजे गांव के बाहर बेलन नदी के छलके में एक लाश बहते हुए देखा। सूचना पर मौके पर सौ नंबर पुलिस और पीएसी की बाढ़ नियंत्रण टीम पहुंची। लाश ऐसे जगह फंसी हुई थी जहां पानी गोल-गोल घूम रहा था और पानी का बहुत तेज बहाव था। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लाश को बाहर निकाला गया। पुलिस का कहना है कि लाश कहीं से बहकर आई है और कई दिन पुरानी लग रही है। लाश देखने से लगता है कि यह किसी 30 से 35 वर्षीय युवक की है। लाश के बाल और चमडिय़ा सब उधड़ गए हैं और चेहरा भी पहचानने योग्य नहीं है। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अज्ञात लाश होने की वजह से पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे तक मर्चरी में रखी जाएगी।