सोनभद्र। जिले में गैस एजेंसी संचालक एक्सपायरी डेट के सिलेंडर की आपूर्ति कर रहे हैं। इसकी शिकायत डीएम को मिली है। डीएम पीके उपाध्याय ने सभी एसडीएम को एक्सपायरी सिलेंडर की आपूर्ति करने वाले एजेंसी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं।
बताते चलें कि जिले में इंडियन ऑयल की 21 गैस एजेंसी हैं। भारत पेट्रोलियम की चार, हिंदुस्तान पेट्रोलियम की तीन एजेंसी हैं। इनसे करीब डेढ़ लाख कनेक्शन बांटे गए ह़ैं। कई एजेंसी संचालक ग्रामीण क्षेत्रों में एक्सपायरी सिलेंडरों की आपूर्ति कर रहे हैं। इंडियन ऑयल के डिप्टी मैनेजर प्रभात सिंह ने कहा कि प्लांट से ही एक्सपायरी सिलेंडर नहीं निकलने चाहिए। भूलवश अगर किसी एजेंसी पर पहुंचता है तो संचालकों की जिम्मेदारी है कि सिलेंडर को वापस प्लांट भेज दें। अगर कोई संचालक उपभोक्ताओं को एक्सपायरी सिलेंडर देता है तो गलत है। डीएम पीके उपाध्याय ने कहा कि तीनों तहसील के एसडीएम को जो कंपनी एक्सपायरी सिलेंडर आपूर्ति करे उसके विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है।