लोकसभा चुनाव के दौरान जिले के 278 परिषदीय स्कूलों के दिन बहुरने वाले हैं। लोकसभा चुनाव में मतदान के लिए पोलिंग बूथ बनाए गए इन विद्यालयों में विद्युतीकरण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग को 20 करोड़ रुपये दिए हैं। बिजली विभाग को एक जून को होने वाले मतदान से पहले विद्युतीकरण कराना है। टेंडर के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखा गया है।
जिले में कुल 2061 परिषदीय एवं कंपोजिट विद्यालय हैं। करीब 1783 विद्यालयों में विद्युतीकरण का कार्य हो गया है। अभी 278 विद्यालयों में विद्युतीकरण का कार्य नहीं हो सका है। लंबे समय से इन विद्यालयों में विद्युतीकरण का मांग की जा रही है। अब जाकर इसके विद्युतीकरण का रास्ता साफ हुआ है। जिन 278 परिषदीय विद्यालयों का विद्युतीकरण करने के लिए शासन ने धनराशि दी है, वे सभी लोकसभा चुनाव में पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। एक जून को मतदान करने जाने वाले मतदाताओं को असुविधा न हो और मतदान कर्मियों को दिक्कत न हो, इसे देखते हुए इन विद्यालयों में विद्युतीकरण कराया जाएगा।
एक सप्ताह पहले विद्युतीकरण के लिए 20 करोड़ रुपये बेसिक शिक्षा विभाग को मिले हैं। जिसे बिजली विभाग को दे दिया गया है। बिजली विभाग की तरफ से टेंडर कराए जाने के लिए पत्र लिखकर चुनाव आयोग से अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के साथ ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी करते हुए इन विद्यालयों में विद्युतीकरण शुरू हो जाएगा। विभागीय अधिकारियों की मानें तो पिपरी डिवीजन में 194 तथा रॉबर्ट्सगंज डिवीजन के 84 परिषदीय विद्यालयों में विद्युतीकरण होना है।
-
कम समय में कार्य पूर्ण करना चुनौती
परिषदीय विद्यालयों में मतदान से पूर्व विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया जाना किसी चुनौती से कम नहीं है। बिजली निगम के अधिकारियों की मानें तो विद्युतीकरण के लिए कम से कम तीन से चार महीने का समय लगेगा। एक जून को जिले में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है, ऐसे में सुदूर क्षेत्र के विद्यालयों में विद्युतीकरण कार्य समय से पूर्ण हो पाना मुश्किल दिख रहा है।
-
इन विद्यालयों में होना है विद्युतीकरण
सदर ब्लॉक के कम्हारी, मारकुंडी, गोंड बस्ती लोढ़ी, घसिया बस्ती, डोमरिया, हरथर, घोरावल ब्लॉक के धुरकरी, थौली, सिलवा, मुक्खा, सदारी, अथौना, चतरा ब्लॉक के सेहूंआ, खडुई, सिरसी, नरोत्तमपुर, कुसुम्हा, ऊंची, नगवां ब्लॉक के पनौरा, महुली, पपडहवा, मुरैला, चिचलिक, भांवा, ढोसरा सहित 278 परिषदीय विद्यालयों में विद्युतीकरण किया जाना है।