सोनभद्र। जिले के राबर्ट्सगंज और दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में चार बजे तक ही मतदान होगा। वहीं घोरावल और ओबरा विधानसभा क्षेद्घ के बूथों पर शाम छह बजे मतदान होगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने संयुक्त रूप से कहा कि मतदाता अपने निर्धारित बूथों पर बीएलओ पर्ची के अलावा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त 12 में से कोई भी एक दस्तावेज के साथ जाकर मतदान करें। बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 401-विधान सभा राबटर्सगंज एवं 403-विधान सभा दुद्धी के मतदान का समय सुबह सात बजे से सांय चार बजे तक निर्धारित है। 400-विधान सभा घोरावल और 402-विधान सभा ओबरा के मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है। निर्धारित समय के पूर्व लाइन में जो भी वोटर लगे होंगे उनका वोट जब तक नहीं पड़ जाता तब तक वोटिंग जारी रहेगी।
सभी मतदान केंद्रों पर बूथ वालेंटियरों की व्यवस्था की गई है, जो भारत निर्वाचन आयोग के लोगों/पहचान युक्त पहनाने में उपलब्ध रहेंगें। आयोग द्वारा पहचान के रूप में जो 12 फोटोयुक्त दस्तावेज अनुमन्य किये गए हैं, उनमें मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाईसेंस, केंद्र अथवा राज्य सरकार या सार्वजनिक उपक्रम या पब्लिक लि0 कम्पनी द्वारा जारी सर्विस पहचान-पत्र, पैन कार्ड, स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, पेंशन दस्तावेज, सरकारी पहचान पत्र व आधार कार्ड में से किसी एक दस्तावेज को प्रस्तुुत कर मतदान करें।
खराबी के चलते बदली गई ईवीएम
सोनभद्र। लोकसभा चुनाव के तहत 19 मई को रॉबटर्सगंज लोकसभा सीट पर मतदान होना है। इसको लेकर पोलिंग पार्टियां शनिवार को राजकीय पालीटेिक्निक कॉलेज से रवाना की गई। इस दौरान पीठासीन अधिकारियों को दी गई कई ईवीएम खराब निकली। सहायक रिटर्निंग अफसरों ने ईवीएम को बदलवा कर दूसरा दिलाया।
साथियों की तलाश में भटकते रहे
सोनभद्र। राजकीय पालीटेक्रिक कॉलेज में कई मतदान कर्मी अपने साथियों की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। प्रत्येक बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय एवं मतदान अधिकारी तृतीय तैनात है। समय से कार्मिक पहुंच कर उपस्थिति दर्ज करा चुके थे, लेकिन उन्हें सहयोगियों की तलाश करने में परेशानी हुई। कॉलेज के बाहर विधान सभावार वाहन खड़े थे। बावजूद इसके कार्मिकों को वाहनों को ढूंढने में परेशानी हुई। वाहनों में जगह के हिसाब से पोलिंग पार्टियों को ले जोन की व्यवस्था की गई थी। इस नाते गर्मी और उमस में कुछ कार्मिकों को कइयों का इंतजार भी करना पड़ा।
ड्यूटी कटवाने के लिए रहे परेशान
सोनभद्र। लोकसभा चुनाव में कई ऐसे महिला कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई थी जिनके बच्चे एक साल से कम उम्र के हैं, या उनके बच्चों की तबीयत खराब थी। शनिवार को राजगीय पालीटेक्रिक कॉलेज में कई महिलाएं ड्यूटी कटवाने के लिए अधिकारियों के यहां चक्कर लगाती रही। हालांकि कुछ महिलाओं की जगह पर रिजर्व में रखे गए कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई।
ड्यूटी को लेकर नोकझोंक
सोनभद्र। राजकीय पालीटेक्रिक कॉलेज में पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल पर ड्यूटी न कटने से नाराल कुछ मतदान कार्मिकों की एक अधिकारी से नोकझोंक भी हुई। बाद में कार्मिक शांत होकर अपने तैनाती वाले बूथों के लिए वाहनों पर सवार होकर चले गए।
शुद्ध पेयजल के लिए रहे परेशान
सोनभद्र। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासन अपनी ओर से सभी तैयारियां पूर्ण करने का दावा कर रहा है। लेकिन शनिवार को राजकीय पालीटेक्रिक कॉलेज परिसर में मतदान कार्मिकों को पीने के लिए शुद्ध पेयजल का पर्याप्त नहीं इंतजाम था। जबकि जबह-जगह पानी से भरे कई टैंकर खड़े थे। लेकिन उसमें का पानी गर्म हो गया था। अधिकांश कार्मिकों ने बोतल का पानी क्रय कर प्यास को बुझाया।