सोनभद्र। लोक सभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को गैर प्रांत एवं जनपद की बीएसएफ, सीआरपीएफ आईटीबीपी समेत अन्य फोर्स जिले मेें पहुंच गई। राबट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी में एसपी सलमान ताज पाटिल समेत अन्य अधिकारियों ने बाहर से आने वाली फोर्स का स्वागत किया। इसके बाद फोर्स को रिसिव कर निश्चित स्थान पर पहुंचाया गया। चुनाव से पूर्व फोर्स मतदेय स्थलों का भ्रमण कर जायजा लेगी।
बताते चले कि जिले में 19 मई को 1441 गांवों में बने 1475 मतदेय स्थलों पर मतदान होगा। पूर्व में 273 गांवों को नक्सल प्रभावित घोषित किया गया है। इनमें से कई गांव ऐसे भी है जहां अक्सर नक्सली गतिविधियां होती थीं। पुलिस प्रशासन ने 116 मतदेय स्थलों को वल्नरेबल, 346 बूथों को क्रिटिकल मतदेय स्थल के रूप में चिन्हित किया है। देश में छठवें चरण का चुनाव समाप्त होने के बाद अब केंद्रीय सुरक्षा बल समेत अन्य फोर्स सातवें और अंतिम चरण का चुनाव कराने में जुट गई है। इसी क्रम में सोमवार को बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ प्रांत के स्पर्श करने वाले सोनभद्र में बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, पंजाब एसएपी के अलावा सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, सिद्वार्थ नगर, प्रयागराज, आजमगढ़, भदोही, सिद्वार्थ नगर, बस्ती, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी समेत अन्य जिले की फोर्स के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। हिंदुआरी में एएसपी, एएसपी ओपी सिंह, एएसपी अरूण कुमार दीक्षित, सिटी सीओ अभिषेक सिंह समेत अन्य ने आने वाली फोर्स का स्वागत किया। फोर्स के अधिकारियों को राबट्र्सगंज नगर में स्थित होटलों में ठहरने का इंतजाम किया गया है। वहीं फोर्स को विद्यालयों में ठहरने का इंतजाम किया गया है। एएसपी ने फोर्स के अधिकारियों का लाइजनिंग आफिसर सभी सीओ का बनाया है।