सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर के हाईडिल मैदान के समीप स्थित 33 केवीएम के विद्युत सब स्टेशन में लगे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर के केबिल में बुधवार की रात आग लग गई। इसकी जानकारी होने पर बिजली कर्मियों ने आपूर्ति ठप कर आग बुझाने जुट गए। दमकल कर्मियों की मदद से कर्मियों ने आग बुझाया। केबिल जलने और ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से करीब 11 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। बृहस्पतिवार को बिजली न होने से पेयजलापूर्ति भी प्रभावित हुई। बिजली कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आपूर्ति को बहाल कराया। अर्धरात्रि के बाद अचानक राबर्ट्सगंज नगर में आपूर्ति ठप हो गई। घंटों बाद भी बिजली शुरू नहीं हुई तो उपभोक्ताओं ने बिजली कर्मियों का फोन घनघना शुरू कर दिया, तब जाकर पता चला कि केबिल जल गई है। विद्युत सब स्टेशन के एसएसओ जय प्रकाश मौर्य के मुताबिक रात करीब एक बजकर पांच मिनट पर 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर के केबिल में शार्ट सर्किट होने के बाद आग लग गई। इसकी जानकारी होने पर तत्काल आपूर्ति को ठप कराकर फायर कर्मियों को आग लगने की सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों की नींद टूट गई और वे लोग भी पहुंच गए। घंटे भर मेहनत करने के बाद आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया। वहीं आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ताओं को रात भर अंधेरे में रहना पड़ा। बृहस्पतिवार की सुबह अवर अभियंता सतीश की देखरेख में कर्मियों ने ट्रांसफार्मर में हुए छेद की वेल्डिंग कराने के साथ ही केबिल बदलने का कार्य शुरू किया। लगभग 11 बजकर 11 मिनट पर नगर के अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। वहीं मेन मार्केट में शाम छह बजे तक आपूर्ति पूर्ण रूप से बहाल नहीं हो पाई थी। वहीं बिजली न होने के कारण लोगों को पेयजल की समस्या हुई। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने कहा कि शाम तक नगर के समुचित इलाकों में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई।