सोनभद्र। कड़ी सुरक्षा के बीच आठ मार्च से राबर्ट्सगंज नगर में स्थित राजा शारदा महेश इंटर कालेज एवं राजकीय बालिका इंटर कालेज में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू होगा। दोनों केंद्रों पर सीसी कैमरे की नजर में लगभग 610 परीक्षक लगभग 197000 कापियों का मूल्यांकन करेंगे। केंद्रों पर परीक्षकों के लिए शुद्ध पेयजल आदि का इंतजाम रहेगा।
यूपी बोर्ड ने शिक्षा विभाग को निष्पक्ष कापियों के मूल्यांकन का निर्देश दिया है। जिले में दो मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर एक-एक पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। डीआईओएस कार्यालय में बोर्ड परीक्षा के लिए स्थित कंट्रोल रूम के प्रभारी कमलेश यादव के मुताबिक राजकीय बालिका इंटर कालेज में हाईस्कूल की करीब 99000 कापियों का मूल्याकंन होगा। यहां 39 डिप्टी हेड की देखरेख में करीब 300 परीक्षक कापियां जांचेंगे। राजा शारदा महेश इंटर कालेज में इंटर की 98000 कापियों का मूल्यांकन 33 डिप्टी हेड की मौजूदगी में लगभग 310 परीक्षक करेंगे। परीक्षकों को प्रति हाईस्कूल की कापी जांचने पर आठ रुपये और इंटर की कापी जांचने पर दस रुपये देने के लिए निर्धारित किया गया है। परीक्षकों को पखवारे भर में सभी कापियों का मूल्यांकन करना है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक फूलचंद्र यादव ने कहा कि मूल्याकंन कराने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। पर्यवेक्षकों को मूल्यांकन में लगे डिप्टी हेड और परीक्षकों को किसी प्रकार की समस्याएं न होने पाएं, इसके लिए निर्देशित किया गया है।
-----------------
केंद्रों पर तैनात होंगे पुलिसकर्मी
यूपी बोर्ड के कापियों के मूल्यांकन के लिए बनाए गए केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। सिटी सीओ राहुल मिश्रा और कोतवाल विपिन तिवारी भी भ्रमण कर जायजा लेते रहेंगे।
किरीट राठोड
पुलिस अधीक्षक