ओबरा। ओबरा तापीय परियोजना के बीटीपीएस में आग लगने के मामले में मंगलवार को एनटीपीसी की छह सदस्यीय टीम ने पुन: दौरा कर विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण किया। वहीं प्रबंध निदेशक उत्पादन निगम सैंथिल पांडियन सी ने भी मंगलवार को स्थानीय वीआईपी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने नौवीं एवं दसवीं इकाई को जल्द से जल्द शुरू करने की बात कही। उन्होंने अनपरा का दौरा रद्द कर ओबरा में ही अनपरा के अधिकारियों की भी बैठक ली। ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इं. एके सिंह ने बताया कि स्टेशन स्वीच गेयर की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द से जल्द नौवीं एवं दसवीं इकाई को शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि जानकारों की मानें तो एक माह से पूर्व इन इकाइयों को शुरू कर पाना संभव नहीं होगा। उधर 12वीं इकाई में हुई भारी क्षति को देखते हुए इसके शुरू होने में लंबा समय लग सकता है। वहीं इसमें करोड़ों खर्च होने की संभावना है। घटना में हुए नुकसान और कारणों की जांच अभी भी जारी है। इकाइयों को पुनर्जीवित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।