घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के धनावल गांव में गुरुवार को बिजली के खंभे पर चढ़कर फाल्ट बनाते समय हाई वोल्टेज तारों की चपेट में आकर संविदा लाइनमैन बुड़ुक मौर्य (45) गंभीर रूप से झुलस गया। खंभे से नीचे गिरने से उसे गंभीर चोटें भी आईं।
घोरावल सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बेलवनिया निवासी संविदा लाइनमैन बुड़ुक मौर्या पुत्र तेजबली धनावल गांव में गुरुवार को दोपहर बाद करीब 3.45 बजे बिजली के खंभे पर चढ़कर कुछ गड़बड़ियों को दुरुस्त कर रहा था। उसने संबंधित बिसरेखी सब स्टेशन से शट डाउन लिया था। फाल्ट ठीक करने के बाद उसने खंभे पर से ही बिसरेखी सब स्टेशन से आपूर्ति चालू करने को कहा। आपूर्ति शुरू होते ही वह खंभे पर ही हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया और खंभे के नीचे गिर पड़ा। सूचना मिलते ही धनावल ग्राम प्रधान अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बुड़ुक को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। बता दें कि इसके पूर्व घोरावल ब्लॉक के ही सिरविट गांव से सटे गांव में लाइन ठीक करते समय करेंट लगने से एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई थी।