सोनभद्र। सीएमओ कार्यालय राबर्ट्सगंज परिसर से शुक्रवार को एसीएमओ डा. वीके अग्रवाल ने सारथी संदेश वाहिनी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर एवं गांवों में सारथी संदेश वाहिनी वाहन भ्रमण कर लोगों को परिवार नियोजन के बारे में जागरूक करेगी। एसीएमओ डा. वीके अग्रवाल ने कहा कि पुरुषों को नसबंदी कराने पर तीन हजार, प्रसवोपरांत महिला नसबंदी कराती हैं तो तीन हजार व महिलाओं को नसबंदी कराने पर दो हजार रुपये मिलेगा। परिवार नियोजन साधन किट में (गर्भ निरोधक गोलियां जैसे माला-एन व ईजी-पिल) है। इनका सेवन अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर सेवा प्रदाता की सलाह के उपरांत करे। एसीएमओ डा. डीके सिंह और डा. प्रेमनाथ ने कहा कि गर्भावस्था का पंजीकरण कराकर प्रथम किश्त के रूप में एक हजार प्रोत्साहन राशि प्राप्त करें। प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच करा कर गर्भावस्था के छह माह बाद द्वितीय किश्त के रूप में दो हजार और प्रसव उपरांत नवजात शिशु का पंजीकरण एवं जन्म उपरांत प्रथम टीका चक्र बीसीजी, ओपीबी, डीपीटी और हेपेटाईटिस बी पूर्ण करा कर तृतीय किश्त के रूप में दो हजार प्रोत्साहन राशि प्राप्त करें। यह धनराशि लाभार्थी महिला के आधार कार्ड से जुड़े बैंक/पोस्ट आफिस खाते में सीधे उपलब्ध कराई जाएगी। कुमारी सुनीता, नसीम, आनंद मिश्रा आदि मौजूद रहे।