सोनभद्र (म्योरपुर)। ब्लॉक क्षेत्र की पांच बड़ी ग्राम पंचायतों के रिकार्ड उप निदेशक पंचायती राज ने तलब किया है। तीन वर्षों के रिकार्ड जांच के अलावा स्थलीय जांच के लिए कमेटी गठित कर जांच कराई जाएगी। स्थलीय जांच की तिथि निर्धारित नहीं की गई है। इससे संबंधितों में हड़कंप की स्थिति है।
उपनिदेशक पंचायतीराज विंध्याचल मंडल ने म्योरपुर ब्लॉक की पांच बड़ी ग्राम पंचायतों कोटा, परासी, कुलडोमरी, अनपरा एवं चिल्काडांड़ के अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच के निर्देश दिए हैं। तीन वर्षों के कार्यों की स्थलीय जांच के लिए टीम का गठन कर जांच कराई जाएगी। इन ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को लेकर उपनिदेशक ने चिंता व्यक्त की है। ब्लॉक स्तर पर इन गांवों के रिकार्ड दुरुस्त कर भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। इससे संबंधित कर्मचारियों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर अफरा-तफरी की स्थिति है। रिकार्ड तलब किए जाने की पुष्टि करते हुए सहायक विकास अधिकारी पंचायत रविदत्त मिश्र ने कहा कि उपनिदेशक स्तर से तीन वर्षों के रिकार्ड तलब किए गए हैं। इसके अलावा उनके स्तर से स्थलीय जांच भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों से जुड़ी फाइलों को भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है। उधर तीन वर्षों के रिकार्ड तलब किए जाने के बाद संबंधितों में हड़कंप की स्थिति है।-राजेश पाठक