गड्ढ़े में तब्दील अनपरा व शक्तिनगर की सड़कों व प्रदूषण को लेकर सीएम कार्यालय गम्भीर हो गया है । एक शिकायत को गंभीरता से न लेने के बाद सीएम को मामले की जनकारी दी गई थी । सीएम कार्यालय ने डीएम से 15 दिनों के अंदर जवाब मांगा है।भाजपा नेता आकाश पांडेय ने सितंबर माह में जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि कुलडोमरी से खडिय़ा तक सड़कों की दशा काफी खराब है। जिसकी वजह से प्रदूषण चरम पर है। डीएम ने इस मामले के निस्तारण के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए थे लेकिन लोक निर्माण विभाग ने झूठी रिपोर्ट लगाकर मामले का निस्तारण कर दिया था। इस बात की जानकारी होने पर भाजपा नेता ने आपत्ति जताई थी। दरअसल शिकायत आन लाइन होने के कारण इस मामले को मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्वत: ही संज्ञान में ले लिया। सीएम दफ्तर से जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में आईजीआरएस के माध्यम से सोनभद्र के ऊर्जांचल क्षेत्र के डिबुलगंज से लेकर खडिय़ा तक जर्जर सड़क मार्ग है। जिसमें रीवा रांची राष्ट्रीय मार्ग एवं राज्य सड़क मार्ग दोनों शामिल हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे है। लेकिन इस मामले का निस्तारण नहीं किया गया। इस संबंध में जिलाधिकारी से 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है।