सोनभद्र (ओबरा)। उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन की ओर से सातवें वेतन पुनरीक्षण को जुलाई के वेतन के साथ लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर बिजली कर्मचारियों एवं अभियंताओं ने आंदोलन की शुरूआत मंगलवार से कर दी है। लखनऊ के बाद अब 25 अगस्त को अनपरा ओबरा में विरोध सभा होगी।
संघर्ष समिति के संयोजक शैलेन्द्र दुबे, अभियंता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष इं जीके मिश्रा, महासचिव इं राजीव सिंह एवं क्षेत्रीय सचिव इं अदालत वर्मा ने बताया कि 28 जून को पॉवर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष अलोक कुमार ने संघर्ष समिति को लिखित आश्वासन दिया था कि जुलाई के वेतन के साथ सातवें वेतन पुनरीक्षण का भुगतान किया जाएगा। किन्तु अभी तक अनुपालन न होने से बिजली कर्मचारियों एवं अभियंताओं में आक्रोश है। क्षेत्रीय सचिव अदालत वर्मा ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में अनपरा-ओबरा क्षेत्र के अभियंता एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। संघर्ष समिति के पदाधिकारी 24 अगस्त से विभिन्न बिजली परियोजनाओं और जनपद का दौरा कर विरोध सभा करेंगे। अनपरा-ओबरा क्षेत्र में 25 अगस्त को विरोध सभाएं होंगी। फिर भी मांगें न मानने की सूरत में आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 12 सितम्बर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा, जिससे प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को गहरा झटका लगने की संभावना है।