सोनभद्र। जनपद में बालू खनन बंद होने के बावजूद इसपर किसी प्रकार की रोक नहीं लगी है। चोपन पुलिस ने गुरुवार की रात अवैध रूप से बालू लदा ट्रक पकड़कर सीज कर दिया। लेकिन साथ में चल रहे तीन ट्रकों को पुलिस को एक सत्ताधारी नेता के कहने पर छोड़ना पड़ा।
हालांकि एक भाजपा नेता ने ही पुलिस को फोन कर अवैध रूप से बालू लदे ट्रकों की सूचना दी थी। गुरुवार को भाजपा के जिला महामंत्री श्यामसुदंर निषाद ने चोपन पुलिस को रात 12 बजे अवैध रूप से बालू लेकर जा रहे ट्रक की सूचना दी थी। आरोप है कि पहले तो पुलिस नानुकर की मगर जब मामले की जानकारी जिलाधिकारी को देने की बात कही गई तो इंस्पेक्टर ने टीम भेजी। टीम पटवध तो नहीं गई बल्कि जुगैल के महलपुर से आ रहे दस चक्का ओवरलोड बालू लदे ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि ट्रक पर पोकलैन के जरिऐ एक हजार फीट बालू लादा गया था। पुलिस की मानें तो सीज किया गया बालू लदा ट्रक मिर्जापुर के एक पुलिस अफसर के वहां जाना था। लेकिन उसके साथ ही चल रहे तीन ट्रकों को पुलिस नहीं पकड़ सकी। बताया जाता है कि एक सत्ताधारी नेता ने पुलिस को सत्ता का धौंस दिखाकर ट्रकों को अपने साथ ही रवाना करवा लिया।