सोनभद्र। विद्यालयों में बच्चे सुरक्षित रहे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने मान्यता प्राप्त समस्त स्कूलों में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य कर दिया है। एक जुलाई से पूर्व विद्यालयों में सीसीटीवी लगाना है। ऐसा न करने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द करने की तैयारी की जाएगी।
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में सरकारी 1810 प्राथमिक एवं 654 प्राथमिक विद्यालय है। मान्यता प्राप्त कक्षा एक से आठ तक लगभग 70 विद्यालय है। राजकीय हाईस्कूल, इंटर के 44 विद्यालय और मान्यता प्राप्त 134 एवं सहायता प्राप्त 11 विद्यालय संचालित हो रहे है। योगी सरकार ने शिक्षा विभाग को मान्यता प्राप्त स्कूलों में जबरदस्ती बच्चों को यूनिफार्म, पाठ्य सामग्री व मनमानी फीस वसूल कर उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बावजूद इसके अधिकांश स्कूलों मेें मनमानी जारी है। मामला संज्ञान मेें आने पर प्रदेश सरकार ने आदेशों की धज्जियां उड़ाने वाले विद्यालयों के प्रबंधकों/प्रधानाचार्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रभुराम चौहान का कहना है कि मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों के संचालकों 30 जून तक विद्यालयों में सीसीटीवी लगाकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय अधिकारी व कर्मचारी स्कूलों का स्थलीय निरीक्षण कर पता लगाएंगे कि उनके यहां सीसीटीवी लगा है या नहीं है। झूठा रिपोर्ट देने व सीसीटीवी न लगाने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए मान्यता रद्द करने के लिए शासन को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी। उधर शासन के कड़े आदेश मिलने के बाद राबर्ट्सगंज नगर में स्थित कई स्कूलों में सीसीटीवी लगाने का कार्य शुरू कर दिय गया है।