वाहन चेकिंग के दौरान सोमवार की रात म्योरपुर पुलिस ने रनटोला से पिता-पुत्र दो तस्करों को गिरफ्तार कर 19 क्विंटल गांजा बरामद किया।
उड़ीसा से करीब दो करोड़ का यह गांजा ट्रक पर लादकर लाया गया था। पूछताछ में तस्करों ने इस गोरखधंधे से जुड़े कई लोगों के नाम उजागर किए हैं। पुलिस उन लोगों का भी पता लगा रही है।
एसपी शिवशंकर ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि सोमवार की सांय करीब चार बजे सूचना मिली कि उड़ीसा से दो तस्कर एक ट्रक में गांजा लोड कर प्रतापगढ़ ले जा रहे हैं।
वर्तमान समय में गांजा से भरा ट्रक म्योरपुर से मुर्धवा रेणुकूट की ओर जा रहा है। इस सूचना के बाद फोर्स के साथ दुद्धी सीओ लक्ष्मण राय की अगुवाई में म्योरपुर थाना इंचार्ज इंद्रभूषण सिंह यादव ने रनटोला में वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
संदेह होने पर जब पुलिस कर्मियों ने एक ट्रक का तिरपाल खुलवाकर देखा तो उसमें बोरी में भरकर रखा 19 क्विंटल गांजा मिला।
उधर, तिरपाल खुलते ही ट्रक चालक और उसका बेटा भागने लगा, मगर जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए गांजा तस्कर और ट्रक चालक बलराम मिश्रा और उसका पुत्र अनिल मिश्रा प्रतापगढ़ कोतवाली के हिमाऊपुर, सदर बाजार के रहने वाले हैं।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे उड़ीसा से ट्रक में 19 क्विंटल गांजा लोड कर यूपी के अलावा अन्य प्रांतों में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।
पूछताछ में तस्करों ने इस गोरखधंधे में शामिल जिन लोगों के नाम बताए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने नक्सल एएसपी रामयज्ञ यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच के प्रभारी वीके सिंह को लगाया है।
समझा जाता है कि शीघ्र अन्य तस्करों की गिरफ्तारी कर लेगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गांजा पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये इनाम देनेे की घोषणा की गई हैैै। इस टीम में सब इंस्पेक्टर ओंकार सिंह, संतोष सिंह, हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप सिंह, मोहम्मद शमीम, सूबेदार यादव, अंबिका साहनी शामिल थे।