राबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविड टीकाकरण कराने वाले पर्चा के साथ लोग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा कम नहीं हुआ है। लगातार तीन दिन से सौ मरीजों से अधिक मिल रहे हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन में बताया गया कि 183 नए मरीज मिले, जबकि 18 स्वस्थ होकर घर लौटे।
कोरोना बुलेटिन के अनुसार अब तक जिले में 6176 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 5359 लोग स्वस्थ हुए हैं। 83 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। डॉ. सुमन ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिले में अब कुल एक्टिव केस की संख्या 734 हो चुकी है।
24 केंदों पर हुआ टीकाकरण
जिले में टीकाकरण कराने वालों की संख्या भी अब बढ़ रही है। लगातार चलाए जा रहे अभियान की देन है कि अब लोग स्वत: टीकाकरण के लिए केंद्रों तक जा रहे हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रामकुंवर ने बताया कि मंगलवार को जिले के कुल 24 केंद्रों पर 450 लोगों ने टीका लगवाया। जिले में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन है। 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों को टीका लगवाया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीका लगवा सकता है। साथ ही उसे सोशल डिस्टेसिंग व मास्क लगाने की अनिवार्यता का पालन करना जरूरी है।