बीजपुर। नधिरा सब स्टेशन से बकरीहवां फीडर के लिए विद्युत आपूर्ति में जर्जर तार पोल और विद्युत उपकरण आपूर्ति में बाधा बने हुए हैं। आए दिन तार और इंसुलेटर के टूटने से कई कई घंटे बत्ती गुल रहने से नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
बता दें कि हल्का हवा का दबाव भी तार और पोल बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। क्षेत्र के नेमना, जरहा, इंजानी, पिंडारी, रजमिलान, महुली सहित दर्जनों गांवों के उपभोक्ता विद्युत आपूर्ति में आ रहे फाल्ट से ऊब चुके हैं। लोगों का आरोप है कि उपभोक्ता जितनी बिजली नहीं जलाते उससे ज्यादा बिल का भुगतान कर रहे हैं। पुराने उपकरण को बदलने के नाम पर विभाग घिसे पीटे भाषा में ही बराबर जवाब देता है की बदलने के लिए इस्टीमेट सरकार को भेजा गया है लेकिन आम जन को समझ नही आ रहा है कि आखिर जनता की शिकायतों पर बिजली विभाग या सरकार कब ध्यान देगी। गर्मी से जूझते ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए विद्युत व्यवस्था सुधारने की अपील की है।