सोनभद्र। प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश यादव की हत्या करने एवं कराने में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए सोमवार को शिक्षक और प्रबंधकों का प्रतिनिधिमंडल डीएम अंकित अग्रवाल एवं एसपी सलमान ताज पाटिल से मिलकर उन्हें मांगपत्र सौंपा। कहा कि पुलिस तत्काल हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजें। अगर किसी निर्दोष व्यक्ति को जेल भेजा गया आंदोलन होगा। अधिकारी द्वय ने कहा कि शीघ्र हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने कहा कि पुलिस प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश यादव की हत्या कराने एवं करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करे। इसमें किसी निर्दोष व्यक्ति को नहीं फंसाया जाना चाहिए। उन्होंने हत्या पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि इस जघन्यतम वारदात से शिक्षक समाज दहशत में है। विद्यालयों मेें प्रवेश तथा परीक्षा के समय पुलिसकर्मी तैनात किए जाए। विद्यालयों के खुलने और छुट्टी होने के दौरान पुलिस चक्रमण करे। प्रबंधक तथा प्रधानाचार्य की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस संबंधित आवेदन पत्र पर प्रशासन को वरीयता के साथ विचार करना चाहिए तथा नियमित अंतराल पर प्रधानाचार्य व प्रबंधक के साथ प्रशासन की बैठक होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में प्रबंधक गोपाल सिंह, गोविंद यादव, वित्त विहीन शिक्षक महासभा के जिलाध्यक्ष उमाकांत मिश्रा, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र चौबे, प्रवेश यादव, गणेश प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. विजेंद्र सिंह, सुमंत मौर्य, उमाकांत शुक्ला, संगीता श्रीवास्तव, सुशील चौबे, सुधीर मिश्रा, गुलाब राय, विनय यादव, राजेंद्र जैन आदि मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य को दी श्रद्धांजलि
सोनभद्र। आदर्श इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में सोमवार को हुई शोक सभा में शिक्षक एवं छात्राओं ने दो मिनट का मौन रख कर प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश यादव की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। शिक्षकों ने कहा कि पुलिस प्रशासन तत्काल हत्यारोपियों को गिरफ्तार करे। इस मौके पर हरिगोविंद पांडेय, पंकज पांडेय, डॉ. मंजू, ओम प्रकाश सिंह, शशिकांत उपाध्याय आदि मौजूद रहे।