घोरावल। मंगरदहा ग्राम सभा में चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता को लेकर चल रहा अपना दल के कार्यकर्ताओं का भूख हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन खत्म हो गया। दोपहर बाद अनशन स्थल पर पहुंचे तहसीलदार सुरेश चंद्र शुक्ला ने मिठाई खिलाकर व माला पहनाकर अनशनकारियों की भूख हड़ताल समाप्त कराया।
यहां अपना दल के जिला उपाध्यक्ष गंगेश्वर सिंह पटेल ने घोरावल ब्लॉक के मगरदहा गांव में चकबंदी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया। कहा कि इस समय चल रही नापी की कार्रवाई में अनियमितता बरती जा रही है। तहसील कर्मियों एवं कुछ प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत से तरमीनी नक्शा, मालियत रजिस्टर, भूचित्र गायब कर दिए गए हैं। तमाम अभिलेखों को गायब कर मनमाने तरीके से चकबंदी की जा रही है। बगैर गांव में गए तहसील कर्मियों ने आकार 23 व 24 बनाया है। इससे गरीब आदिवासियों का रकबा कम करा दिया गया है। यहां दोपहर बाद तहसीलदार सुरेश चंद्र शुक्ला ने भूख हड़ताल पर बैठे लवलेश, शिव प्रसाद गुप्ता, देवकिशुन, हीरालाल, सोती लाल को माला पहनाकर तथा मिठाई खिला कर उनका अनशन तोड़वाया। तहसीलदार ने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया की 15 दिन के अंदर जांच कर दोषियों के खिलाफ समुचित कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर नए सिरे से चकबंदी की जाएगी। इस दौरान ओम प्रकाश पटेल, गुलाबी देवी, उदयनाथ, मालती, शिव कुमार पटेल, सुनील पाल, विजय शंकर पाल, रामजी बैसवार, दीप नारायण प्रजापति, सोमनाथ, शिव प्रसाद, विजेंद्र कुमार, राम मूरत मौजूद रहे।