सोनभद्र। भारतीय जनता युवा मोर्चा का सोमवार को राबर्ट्सगंज स्थित एक होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष इं. सुभाष यदुवंश ने कहा कि लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी ताकत से एकजुट होकर सक्रियता दिखाएं। लोगों को सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी दें। इसके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का यहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनका जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार तमाम जनोपयोगी योजनाएं चला रही है। जरूरत है कि जनता के बीच इन योजनाओं को बताया जाए। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेेगी। इसके लिए कार्यकर्ता अभी से तैयार हो जाएं। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने कहा कि युवाओं का भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति विश्वास बढ़ा है। जनता यह जानती है कि देश और प्रदेश का भविष्य भाजपा के हाथों सुरक्षित है।
युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र ने कहा कि देश को एकता के सूत्र में बांधने के लिए राष्ट्रवाद के भावना से ओत-प्रोत होकर केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। जिला महामंत्री विनय श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन नेतृत्व के भावनानुरूप जिले के कार्यकर्ता पूरे दम-खम के साथ मिशन 2019 को सफल बनाने के लिए तत्पर हैं। जिलाध्यक्ष विशाल पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके पूर्व कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न स्थानों से जुलूस भी निकाला। पूर्व जिलाध्यक्ष ओंकार केशरी, तीरथराज, इं. रमेश पटेल, अजीत रावत, अनूप तिवारी, आशुतोष चतुर्वेदी, सतेंद्र नागर, रजनीश रघुवंशी, गौरव शुक्ला, हिरेश, गणेश जायसवाल, मोनू द्विवेदी, विनय श्रीवास्तव मौजूद रहे।