सोनभद्र/करमा। विश्व मधुमेह दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को लालजी सिंह इंटर कालेज बिसहार में ग्लोबल डायबिटीज वॉक का आयोजन किया गया। कालेज के बच्चों के साथ यहां रैैली निकाली गई। लोगों को मधुमेह से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही कालेज परिसर में गोष्ठी की गई।
महावीर शिक्षण संस्थान कानपुर नगर, वर्ड डायबिटीज फाउंडेशन, नेशनल हेल्थ मिशन और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को हुए कार्यक्रम के तहत सुबह दस बजे छात्र-छात्राओं ने कालेज परिसर से जागरूकता रैली निकाली। रैली बिसहार गांव में कई मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राएं जागरूकता संबंधी तरह-तरह के नारे लगा रहे थे। रैली वापस कालेज परिसर में पहुंची जहां गोष्ठी का आयोजन किया गया। यहां वक्ताओं ने कहा कि मधुमेह लोगों के जीवन पर बुरा असर डाल रही है। विश्व में 18 फीसदी लोग मधुमेह से ग्रसित हैं। भारत एशिया में दूसरे स्थान पर है। प्रतिदिन एक लाख कदम चलने से मधुमेह से ग्रसित 8.7 फीसदी लोगों को मधुमेह पर नियंत्रण व 12 फीसदी लोगों को मधुमेह होने से बचाया जा सकता है। इसके लिए लोगों को जागरूक होना जरूरी है। वक्ताओं ने कहा कि 35 वर्ष से अधिक उम्र के ज्यादा से ज्यादा लोगों को समय-समय पर मधुमेह की जांच कराते रहना चाहिए। इस मौके पर महावीर शिक्षण संस्थान कानपुर के कोआर्डिनेटर अमित कुमार यादव, लालजी सिंह शिक्षा संस्थान बिसहार के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, अध्यापक सुरेश कुमार, राजदीप यादव, सरोज कुमार, प्रदीप कुमार सिंह, पूनम मौर्या, सुमन मौर्या, पूजा मौजूद रहे।