म्योरपुर। थाना परिसर में बुधवार को कस्बे के व्यापारियों के साथ पुलिस ने बैठक की। इस दौरान लूट और छिनैती जैसी घटनाओं से बचने के लिए बड़े व्यापारियों को पुलिस सहायता देने का आश्वासन प्रभारी निरीक्षक सीपी पांडेय ने दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बड़े व्यापारियों के लिए सहयोग प्रदान करेगी। व्यापारी बाजार में अतिक्रमण को मुक्त करें। पटरी पर लगने वाली दुकानों को चिन्हित करके उन्हें हटाया जाए। जिससे आवागमन में किसी तरह की असुविधा न हो। इस दौरान उन्होंने तीन व्यापारियों को बुलाकर तत्काल दुकान हटाने का निर्देश भी दिए। इसके साथ ही प्रभारी निरीक्षक ने व्यापारियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उनके समाधान का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने छुट्टा पशुओं से हो रही परेशानी को दूर करने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक ने व्यापारियों से प्लास्टिक पर पूर्ण रुप से प्रतिबंध लगने की बात बताते हुए इसका उपयोग न करने की सलाह दी। बैठक में ग्राम प्रधान लालता प्रसाद जायसवाल, अशर्फी सिंह, अमरकेश सिंह, गौरी शंकर सिंह, दिनेश कुमार, सुजीत सिंह मौजूद रहे।