सोनभद्र। सूबे के भूतत्व एंव खनिकर्म निदेशालय ने जिले में सिर्फ 23 लोगों को मौरम के भंडारण की अनुमति दी है। लेकिन सफेदपोश अवैध ढंग से बालू का भंडारण कर रहे हैं। इसका खुलासा घोरावल एसडीएम के छापेमारी में हो चुका है। अवैध बालू और मौरम का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए डीएम ने तीनों तहसील में एसडीएम की अगुवाई में टीमें गठित कर दी है।
निदेशालय ने संजय कुमार श्रीवास्तव को गुरुवल, महानंद सिंह को डूमरडीहा, संतोष दूबे को संवरा, अशोक चंद्रवंशी को रामगढ़, दिनेश कुमार को खैराही, कृष्णा सिंह को हिंदुआरी, शिवमूरत को बरवा, सर्वेश सिंह को तिलौली कला, पवन कुमार को कोटा, प्रवीण कुमार को हर्रा, आशीष खेमका को बहराडोल, अखिलेश पाल को खेबंधा, विनोद बिहारी को बर्दिया, एमवी सुरेश को महरपुर, मोहन सिंह कुशवाहा को बिल्ली-मारकुंडी, राहुल यादव को बिल्ली मारकुंडी, नीरज कुमार जायसवाल को शाहपुर, संजीव त्रिपाठी को पडऱक्ष, विजय यादव को संवरा, मंजू को शाहपुर, गणेश जायसवाल को जरहां, संजय सिंह को भरहरी और लालबाबू को कांचन में मौरम के भंडारण की अनुमति दी गई है। लेकिन इनके अलावा कई सफेदपोश अवैध ढंग से बालू और मोरंग का भंडारण कर रहे है। इसका खुलासा पिछले माह घोरावल तहसील क्षेत्र में एसडीएम राजकुमार एवं सीओ विवेकानंद तिवारी ने कई स्थानों पर छापेमारी कर अवैध भंडारण कर रखे गए सैकड़ों घन मीटर बालू पकड़ कर कर चुके हैं। डीएम अमित कुमार सिंह ने कहा कि राबर्ट़्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील के एसडीएम की अगुवाई में जांच टीमें गठित की गई है। टीमों को अवैध बालू व मौरंग का भंडारण करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है।