सोनभद्र। दी सोनभद्र टैक्स बार एसोसिएशन की बैठक बुधवार को वाणिज्य कर कार्यालय के सभागार में हुई। इसमें इलाहाबाद में अधिवक्ता लाल बचन सोनी की गोली मारकर हत्या करने की निंदा की गई। हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिवार वालों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई। विरोध में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत भी रहे।
बार के अध्यक्ष राकेश शरण मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में दो मिनट का मौन रखा गया और मृतक के आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने कहा कि इलाहाबाद क्षेत्र में लगातार अधिवक्ताओं की हत्या हो रही है। लेकिन सरकार इसको लेकर गंभीर नहीं है। वकीलों की सुरक्षा खतरे में है और सरकार मौन है। हलाहाबाद में एक-एक कर चार हत्याएं पिछले कुछ माह में हो चुकी हैं। बैठक का संचालन बार के सदस्य प्रदीप कुमार धर द्विवेदी ने किया। इस दौरान अशोक कुमार श्रीवास्तव, जनार्दन पांडेय, उमापति पांडेय, सुरेंद्र केशरी, धर्मेंद्र ओझा, अखिलेश पांडेय, सतेंद्र सिंह, मकसूद अली, आनंद कुमार श्रीवास्तव समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।