दुद्धी। बभनी ब्लॉक के लांबी और गोहड़ा गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसील पर प्रदर्शन किया। अब तक सूखा राहत सामग्री वितरित न किए जाने पर असंतोष जाहिर किया। एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपकर जल्द राहत सामग्री वितरित कराने की मांग की।
भाजपा नेता गेंदा घसिया के अगुवाई में पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों ने नारेबाजी कर नाराजगी जताई। गेंदा घसिया ने कहा कि दोनों गांवो में अभी सूखा राहत पैकेट वितरण की शुरूआत नहीं की जा सकी। जबकि अन्य गांवों में दो-दो बार पैकेट वितरित हो चुका है। यह तहसील प्रशासन की उदासीनता का परिचायक है। अधिकारी सरकार की मंशा पर पानी फेरने का काम कर रहे हैं। जहां आदिवासी तबके के जरूरतमंद लोग हैं, वहां सूखा राहत पैकेट नहीं बंट रहा है। इससे गरीब तबके के लोग परेशान हैं। लेकिन उनकी ओर किसी का ध्यान नहीं है। प्रदर्शन में लांबी निवासी रामअवतार, जिरहुतिया, लीलावती देवी, रामकेश, राजू, लीलावती, दयाशंकर, चरकी व गोहड़ा निवासी सुनीता, राम कुमारी, हिरमनिका मौजूद रहे।