सोनभद्र। राबर्ट्सगंज ब्लॉक परिसर में शनिवार को रिक्त क्षेत्र पंचायत मानपुर एवं ग्रामम पंचायत सुकृत के वार्ड 14 के सदस्य पद के लिए पड़े वोटों की गिनती हुई। इसमें निर्वाचन अधिकारी पियूष राय ने चमेली को बीडीसी व अलगू को सदस्य पद पर विजयी होने की घोषणा की। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। वहीं पराजित उम्मीदवारों के खेमे में मायूसी छा गई।
सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्वाचन अधिकारी पियूष राय की देखरेख में सहायक निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश कुशवाहा, गणना पर्यवेक्षक मनोज कन्नौजिया, शिवनारायण सिंह, नरेश सिंह, अश्विनी श्रीवास्तव, दिनेश गिरि ने उम्मीदवारों के सामने मतपेटिकाओं को खोल कर वोटों की गिनती शुरू की। करीब डेढ़ घंटे में ही मतगणना की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया। निर्वाचन अधिकारी पियूष राय ने क्षेत्र पंचायत मानपुर से चमेली पत्नी रामजी को विजयी घोषित किया। उन्होंने कुल 499 मत मिले। वहीं चमेली की निकटतम प्रतिद्वंद्वी किरन पत्नी पंकज को 306 प्राप्त हुआ। जबकि, ग्राम पंचायत सुकृत से अलगू को 126 मत और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी लोरिक को मात्र दस वोट पाकर संतोष करना पड़ा। निवार्चन अधिकारी ने विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। सहायक विकास अधिकारी अजय सिंह ने चुनाव व्यवस्था का संपूर्ण संचालन किया। मतगणना स्थल के बाहर मौजूद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर एवं मिठाई बांट कर खुशी का इजहार किया। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स के साथ कोतवाल भारत भूषण तिवारी ने जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों को विजयी जुलूस निकालने से मना कर दिया।