सोनभद्र। जिले के नगर-कस्बे जल्द ही पूरी तरह से दुधिया रोशनी में नहाए नजर आएंगे। इसको लेकर जहां खराब पड़ी लाइटों को दुरुस्त करने, जरूरत मुताबिक नई लाइटें स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई हैं। वहीं बिजली खपत अधिक कर रही सभी सोडियम लाइटों को बदलकर उनकी जगह एलईडी लाइट लगाई जाएगी। इसके लिए काम भी शुरू कर दिया गया है।
जिले की इकलौती नगर पालिका राबर्ट्सगंज, नगर पंचायत चुर्क गुर्मा, घोरावल, चोपन, ओबरा, पिपरी, रेणुकूट और दुद्धी के अलावा अनपरा, शक्तिनगर, शाहगंज, रामगढ़ समत अन्य कस्बों में रोशनी के लिए बिजली के कई खंभों पर स्ट्रीट लगाई गई है। इनके अलावा हाईमास्क लाइटें लगाई गई है ताकि रात में लोगों को रोशनी मिल सकें। बावजूद अभी भी जहां नगर-कस्बों की कई गलियों, मोहल्लों में अंधेरा पसरा हुआ है। वहीं जहां रोशनी के लिए सोडियम लाइटें लगी हैं, वहां बिजली खपत अधिक मिलने की रिपोर्ट मिल रही है। इसको गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को स्ट्रीट लाइटों को बदलकर एलईडी लाइट लगवाने निर्देश दिया है ताकि बिजली की खपत कम से कम हों। वहीं जहां लाइटें खराब हैं या जरूरत के बावजूद नहीं लगी हैं। उसे दुरुस्त करवाने की हिदायत दी गई है। उधर, नगर पालिका राबर्ट्सगंज के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने भी इसकी पुष्टि की। बताया कि राबर्ट्सगंज नगर में 902 स्ट्रीट और 25 हाईमास्ट लाइटें लगी है। शासन के मंशानुसार स्ट्रीट लाइटों को बदलकर एलईडी लगवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। कहां नई लाइटों की जरूरत हैं, कहां खराब पड़ी हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।