दुद्धी जिले की मांग के बीच राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने अपने परिसीमन में बदलाव करते हुए दुद्धी जिले की घोषणा कर दी। काशी प्रांत प्रचारक की मौजूदगी में हुई इस घोषणा से जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा के लोगों को नई ऊर्जा मिल गयी है। संघ की दृष्टि से जिले को तीन जिलों में बांटा गया है। इन्हीं तीन जिलों के परिसीमन में बदलाव करते हुए दुद्धी को नए जिले का दर्जा दिया गया है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सोनभद्र विभाग की मंगलवार की देर शाम हुई बैठक में दुद्धी जिला बनाने का निर्णय लेकर इसकी घोषणा की गई। इससे पूर्व जनपद को संघ की दृष्टि से विभाग का दर्जा दिया गया है। इस विभाग के अंतर्गत सोनभद्र, रेनुकूट व ओबरा जिले अब तक थे। बैठक के बाद हुई घोषणा में रेणुकूट जिले के म्योरपुर खंड का ग्रामीण इलाका, बीजपुर, दुद्धी व कोन तक के क्षेत्र को दुद्धी जिले में शामिल किया गया है। इसके अलावा रेेणुकूट जिले में सोन के दक्षिणी भाग का इलाका चोपन, ओबरा, डाला, रेणुकूट, अनपरा व शक्तिनगर तक का क्षेत्र होगा। इसी तरह सोनभद्र जिले में सोन नदी के उत्तर का पूरा भाग पूर्ववत है। संघ द्वारा दुद्धी जिले की घोषणा के वक्त काशी प्रांत प्रचारक अनिल मौजूद रहे। इसके अलावा इस परिसीमन के साथ हर जिले के जिला संघ चालकों की घोषणा भी इसी बैठक में की गई। संघ की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस बैठक में बड़ी संख्या में सोनभद्र विभाग के स्वयं सेवक और संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।