स्कूल वाहनों की जांच करती परिवहन विभाग की टीम। -स्त्रोत: विभाग
- फोटो : 1
सोनभद्र। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के मिशन सेफ फ्यूचर के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 स्कूली वाहनों का चालान किया गया। चार वाहन सीज किए गए। यात्री एवं माल कर अधिकारी (पीटीओ) मनोज कुमार गुप्ता ने रॉबर्ट्सगंज, चुर्क, मधुपुर और सुकृत क्षेत्र में अभियान चलाकर सात स्कूली वाहनों का चालान किया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर चार वाहनों को सीज कर दिया गया। एआरटीओ (प्रशासन) कौशल कुमार सिंह ने भी जांच अभियान के दौरान आठ स्कूली वाहनों का चालान किया। जांच में कई वाहन बिना परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और वैध बीमा के संचालित मिले। अधिकारियों ने इसे स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही बताया। अभियान के दौरान एक ऑटो में क्षमता से कई गुना अधिक 15 से 18 स्कूली बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। बच्चों की जान जोखिम में डालने पर परिवहन विभाग ने ऑटो को तत्काल सीज कर दिया। एआरटीओ ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। बिना मानकों के संचालित वाहनों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।