बभनी। थाना क्षेत्र के पिपराखांड पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया था। दोनों की मौत के बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने ब्रेकर बनवाने के लिए बभनी अंबिकापुर मार्ग को घंटों जाम कर दिया था। जाम करने के बाद ब्रेकर बनवाने के आश्वासन पर जाम हटाया था। सड़क जाम करने के मामले में बभनी पुलिस ने 18 नामजद और 20 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
कुंडपान थाना त्रिकुंडा जिला बलरामपुर छत्तीसगढ़ के देवकुमार (15) तथा रामलखन (20) को तेज रफ्तार जा रहे ट्रक ने कुचल दिया था, जिससे दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि इस खतरनाक मोड़ पर अभी तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौतें हो चुकी है। यदि यहां पर ब्रेकर बन जाएगा तो वाहनों का रफ्तार कम होगा और दुर्घटना नहीं होगा। इसके पहले भी ब्रेकर बनवाने की मांग किया गया तो नहीं बन सका सिर्फ आश्वासन ही मिला। इस बार भी ब्रेकर बनवाने को लेकर ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया था। सब इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि सड़क जाम करने को लेकर पुलिस ने 18 लोगों महेश कुमार, प्रयाग कुमार, राजबली, सुरेश कुमार, सुखदेव, लालता प्रसाद, चंद्र देव, सुनील कुमार, प्रभु, द्वारिका प्रसाद, सोनाबच्चा, नान्हू, सुरेश कुमार, रमेश कुमार, रामचरित्र, सुरेश, सोनू, राजेश कुमार के अलावा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ नियमों का उल्लंघन करने, काम रोकने, बाधा उत्पन्न करने तथा बेवजह परेशान करने के साथ कोविड-19 महामारी संक्रमण जैसे धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।