अवैध शराब के साथ पकड़ा गया आरोपी अजय कुमार सिंह। संवाद
अनपरा (सोनभद्र)। पुलिस ने बुधवार की देर रात क्रेटा वाहन से तस्करी के लिए ले जा रहे 178.92 लीटर शराब को घेराबंदी कर पकड़ लिया। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब को बिहार सीमा पर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया गया। अनपरा थानाध्यक्ष प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को पुलिस हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने मध्य प्रदेश की ओर से सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार में अवैध अंग्रेजी शराब ले जाने की सूचना दी। पुलिस टीम ने सतर्कता बढ़ाते हुए बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग की। इसी दौरान एक निजी पार्किंग यार्ड के पास सड़क किनारे सुनसान स्थान पर सफेद रंग की क्रेटा कार खड़ी मिली। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट से 3 पेटी रॉयल स्टैग 750 एमएल की कुल 36 बोतल एवं 3 पेटी मैकडॉवेल 180 एमएल की कुल 144 बोतल और डिकी से 14 पेटियों में कुल 336 बोतल रॉयल स्टैग 375 एमएल बरामद हुईं। बरामद शराब पर सिर्फ मध्य प्रदेश और चंडीगढ़ में बिक्री लिखा मिला। कार में बैठे युवक ने अपना नाम अजय सिंह उर्फ झगड़ू निवासी कोईलखा, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह झारखंड बताया। पूछताछ में आरोपी अजय ने बताया कि वह भाड़े पर हुंडई क्रेटा कार लेकर मध्य प्रदेश गया था। वापसी के दौरान मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित सरकारी ठेके से अंग्रेजी शराब लोड कर बिहार बॉर्डर बिक्री के लिए जा रहा था। पकड़े गए शराब की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है।