सोनभद्र। विंध्य संस्कृति शोध समिति की ओर से रविवार को राबर्ट्सगंज स्थित कार्यालय पर मतदाता और मतदान विषय पर संगोष्ठी हुई। इसमें लोकसभा चुनाव में बढ़ चढ़कर मतदान करने पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि हास्य कलाकार व जिले के मतदाता जागरूकता अभियान के ब्रांड एंबेसडर अभय शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र एक नियंत्रित गाड़ी की तरह है, जो आजादी के बाद से अनवरत चल रही है। मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है और सभी को इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। यहां मौजूद वरिष्ठ साहित्यकारों ने मजबूत लोकतंत्र का जो बीड़ा उठाया है वह नौजवानों के लिए प्रेरणादायी है। मतदान जनता का वजूद और अधिकार है। चुनाव में जिले के बौद्धिक तबके की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि 19 मई को स्वयं मतदान बूथों पर मतदान करने जाएं और अन्य लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करें।
अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार अजय शेखर ने कहा कि लोकतंत्र के महा त्योहार पर मतदान शत-प्रतिशत करके मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करें और योग्य, कर्मठ, प्रत्याशी को चुनें। यदि आपकी नजर में कोई योग्य प्रत्याशी नहीं समझ में आये तो नोटा का बटन दबाकर अपना संवधानिक संदेश दें। समिति के निदेशक दीपक कुमार केसरवानी ने कहा मतदान करना हमारा राजनैतिक धर्म है। इस धर्म का पालन हर वर्ग के मतदाताओं को करना चाहिए। मतदान ही देश के लोकतंत्र एवं स्वतंत्रता को सुरक्षित रखेगा। हमें हर हाल में मतदान करना चाहिए।
इस मौके पर साहित्कार रामनाथ शिवेंद्र, अमरनाथ अजेय, मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी, शिवधारी शरण राय, ओम प्रकाश त्रिपाठी, शिव नारायण शिव, राकेश शरण मिश्र, डॉ. वीरेंद्र सिंगला, तृप्ती, हर्षवर्धन, वैभव सोनकर, राधेश्याम बंका, अजीत जायसवाल, रमेंश देव पांडेय, चंद्रकांत मिश्रा, रवि पांडेय, आशीष पाठक, अशोक कश्यप, बलकार सिंह, अब्दुल हई मौजूद रहे। मुख्य अतिथि अभय शर्मा ने संत कीनाराम महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रवक्ता तृप्ती केसरवानी का अभिनंदन भी किया।