सोनभद्र। अब बगैर उच्चाधिकारियों से अनुमति लिए ड्यूटी से स्वास्थ्यकर्मी गायब नहीं रह पाएंगे। इस पर रोक लगाने के लिए सभी सीएचसी, पीएसची और अतिरिक्त पीएचसी पर बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी। इसके लिए सीएमओ ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित कर दिया है। सभी कर्मियों को ड्यूटी पर पहुंचने और वापस लौटते वक्त बायोमेट्रिक मशीन में हाजिरी लगानी होगी।
बताते चले कि जिले में छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 26 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हो रही है। इन अस्पतालों में तैनात अधिकांश डॉक्टर और कर्मियों के समय पर न पहुंचने की शिकायत सीएमओ समेत अन्य अधिकारियों के पास पहुंचती है। आरोप यह भी रहता है कि बिना उच्चाधिकारियों से अवकाश लिए ही कई कर्मी एक-दो दिन लापता रहते है। इस वजह से मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया नहीं हो पा रही है। इसको गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने सभी सीएचसी और पीएचसी में बायोमैट्रिक मशीनें लगवाने का निर्णय लिया है। वहीं नाम न छापने की शर्त पर अस्पतालों में तैनात कुछ कर्मियों का कहना था कि सीएमओ दफ्तर में बायोमैट्रिक मशीनें लगनी चाहिए ताकि वहां पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मियों के बारे में भी पता चले कि वे लोग कितने बजे आफिस जाते और निकलते हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि सभी सीएचसी, पीएचसी और अतिरिक्त पीएचसी में बायोमैट्रिक मशीनों के लगाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। कहा कि आने वाले दिनोें में सीएमओ आफिस में बायोमैट्रिक मशीन लगाई जाएगी।