सिंगरौली। निगाही स्टेडियम में चल रहे एनसीएल अंतर विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार दो मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में जयंत ने ब्लॉक बी को दो विकेट से और दूसरे शानदार मैच में दुद्धीचुआं ने मुख्यालय सिंगरौली को आठ विकेट से शिकस्त दी। पहला मैच ब्लॉक बी और जयंत के बीच खेला गया। ब्लॉक बी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवरों में 93 रन बनाकर आल आउट हो गई। जवाबी पारी खेलने उतरी जयंत की टीम ने 17.2 ओवरों में आठ विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। सोमवार का दूसरा मुकाबला दुद्धीचुआं और मुख्यालय सिंगरौली के बीच खेला गया। जिसमें दुद्धीचुआं ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निश्चय किया। मुख्यालय सिंगरौली पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 128 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जवाबी पारी खेलने उतरी दुद्धीचुआ की टीम महज 16.3 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। दुद्धीचुआं की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए नरेंद्र जायसवाल ने सर्वाधिक 43 रनों की और हर्षवर्धन सिंह ने नाबाद 41 रनों की पारी खेली। मुख्यालय सिंगरौली की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अजय और अमन ने एक-एक विकेट लिए। इसी के साथ दुद्धीचुआं ने यह मैच आठ विकेट से जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अंपायर विद्यापति श्रीवास्तव और एंड्रयू पॉल, वही थर्ड अंपायर की भूमिका में सैम्युअल थे। जबकि स्कोरर का दायित्व दुष्यंत सिंह तोमर व बी. किरण ने निभाया। मुख्य अतिथि अरुण जायसवाल सहायक प्रबंधक कार्मिक निगाही क्षेत्र उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लक्ष्मी नारायण सहायक प्रबंधक कार्मिक निगाही क्षेत्र, सिंगरौली जिला क्रिकेट संघ के सचिव विजयानंद जायसवाल, निगाही स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के मेंबर आरसीएमएस से भूपेंद्र सिंह, सीएमएस से महाराणा उदय प्रताप सिंह और बीएमएस से विनोद गंजू उपस्थित रहे।